बीएसएफ अकादमी टेकनपुर ने तिरंगा रैली निकालकर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

Latest news

कोलकाता : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संचालित रुस्तमजी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी, टेकनपुर में संस्थान के संस्थापक और बल के पहले महानिदेशक पद्मविभूषण स्वर्गीय केएफ रुस्तमजी की 109वीं जयंती को फाउंडर्स डे के रूप में गुरुवार को श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर प्रात: काल संस्थान के छात्रों एवं व्याख्यातागणों ने तिरंगा रैली निकालकर आपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक संघर्ष में बलिदान हुए बीएसएफ व सेना के जवानों को श्रद्धांजलि दी।

यह रैली संस्थान से प्रारंभ होकर बीएसएफ अकादमी, टेकनपुर, ग्वालियर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तक आयोजित की गई। इस मेगा रैली में बीएसएफ अकादमी टेकनपुर की सभी यूनिट्स ने भाग लिया। रैली को अकादमी के निदेशक एडीजी डा शमशेर सिंह, आइपीएस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रण पर मुख्य अतिथि के रूप में स्वर्गीय केएफ रुस्तमजी के सुपुत्र साइरस रुस्तमजी उपस्थित रहे।

इसके अलावा आरके चौधरी (सेवानिवृत्त महानिरीक्षक), अरविन्द सक्सेना (महानिरीक्षक, ग्वालियर रेंज) तथा अकादमी के अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने तिरंगा रैली में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान सभी यूनिट्स ने अपने द्वार पर स्वागत की भव्य व्यवस्था की। रैली के उपरांत कौटिल्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय रुस्तमजी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) डा शमशेर सिंह ने संस्थान के छात्रों को संबोधित करते हुए नवाचार हेतु प्रेरित किया तथा स्वर्गीय केएफ रुस्तमजी के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी।

बीएसएफ के विशेष आमंत्रण पर कनाडा से कार्यक्रम में शिरकत करने आए स्वर्गीय केएफ रुस्तमजी के सुपुत्र साइरस रुस्तमजी ने अपने पिता को याद करते हुए भरोसा दिलाया कि संस्थान के किसी भी कार्य व मदद हेतु वे सदैव उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने ने संस्थान का भ्रमण भी किया एवं इसके विकास पर खुशी जाहिर की। साथ ही संस्थान के छात्रों तथा व्याख्यातागणों से बातचीत की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान मुख्य प्रशासक एके आर्य (डीआइजी) एवं प्राचार्य कमांडेंट मनीष चंद्रा के नेतृत्व में लगातार प्रगति करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *