विवाहिता की रहस्यमय मौत, हत्या का आरोप

West Bengal

हावड़ा/ बैरकपुर : हावड़ा के सांकराइल थाना क्षेत्र के चुनाबाटी इलाके में एक महिला की फंदे से लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मनीषा दास(24) के रुप में हुई। पुलिस ने मनीषा के पति देवचंद गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

मनीषा की शादी 26 सितम्बर 2021 को हुई थी। उसका मायके बैरकपुर कमिश्नरेट के बरानगर थाना क्षेत्र के आलम बाजार में है। मनीषा के मायके वालों का आरोप है कि मनीषा की हत्या कर लाश को फंदे से लटका दिया गया। मनीषा के पिता मनोज दास व बहन निशा दास ने बताया कि मनीषा की लाश फंदे से लटक तो रही थी लेकिन उसके दोनों पैर जमीन पर थे।

मनीषा के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही मनीषा पर दहेज समेत विभिन्न कारणों को लेकर मानसिक तौर पर उत्पीड़ित किया जा रहा था। मनीषा की मौत की खबर मायके वालों को 8 सितम्बर की सुबह मिली। पिता मनोज दास ने बताया कि 7 सितम्बर की रात साढ़े दस बजे मनीषा ने फोन करके बताया कि उसपर अत्याचार हो रहा है, उसे यहां से ले जाया जाय। मनीषा को कहा गया कि सुबह तक वह इंतजार करे। उसे सुबह ही मायके ले आया जायेगा। सुबह होते ही मनीषा की मौत की खबर आई। मनीषा का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *