कोलकाता: बंगाली मनोरंजन जगत में खाना और कॉमेडी का नया तड़का लगाने के लिए Sony AATH अपना नया अनस्क्रिप्टेड शो ‘रांधुनी ना कांदुनी’ लेकर आ रहा है। शो का प्रीमियर 3 अक्टूबर 2026 को रात 9:30 बजे Sony AATH और Sony LIV पर होगा।
शो की लॉन्चिंग से पहले कोलकाता में आयोजित एक खास ‘Kitchen Takeover’ इवेंट में इसके कॉन्सेप्ट और स्टार कास्ट की झलक पेश की गई। आम मीडिया लंच को किचन-आधारित मनोरंजन में बदलते हुए कलाकारों ने कुकिंग, हंसी-मजाक और मस्ती के जरिए शो के फॉर्मेट का अंदाजा दिया।
अभिनेता अंकुश हाज़रा इस शो को होस्ट करते नजर आएंगे। उनके साथ बंगाली मनोरंजन जगत के कई चर्चित चेहरे किचन में अपनी कुकिंग स्किल्स आजमाएंगे। इनमें कंचन मलिक, श्रीमोयी चट्टराज, इमन चक्रवर्ती, रूपांजना मित्रा, दर्शना बनिक, प्रेरणा दास, उषसी रे, सुष्मित मुखर्जी, RJ सायन घोष, अन्वेषा हाज़रा और सौमितृषा कुंडू शामिल हैं।
शो में शेफ दोमा वोंग और शेफ प्रियम भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे, जो कुकिंग से जुड़े चैलेंज और कलाकारों की तैयारियों को विशेषज्ञ नजरिए से देखेंगे।
कुकिंग के साथ कॉमेडी का तड़का
‘रांधुनी ना कांदुनी’ का फॉर्मेट पारंपरिक कुकिंग शो से अलग रखा गया है। यहां रेसिपी से ज्यादा फोकस कलाकारों की आपसी केमिस्ट्री, अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों और किचन में पैदा होने वाले मजेदार पलों पर होगा।
शो की टैगलाइन ‘হাসির আঁচে জমবে রান্না’ यानी हंसी की आंच पर पकने वाला खाना, इसके कॉमेडी-कुकिंग फॉर्मेट को साफ तौर पर सामने रखती है।
अंकुश हाज़रा के मुताबिक, शो की खासियत यह है कि दर्शकों के परिचित कलाकारों को ऐसी परिस्थितियों में देखा जाएगा, जहां उनके लिए कुछ भी पहले से तय नहीं होगा। अलग-अलग व्यक्तित्वों के एक ही किचन में आने से कुकिंग के साथ नोकझोंक और हास्य का माहौल भी बनेगा।
शेफ दोमा वोंग ने भी शो को सिर्फ खाना बनाने तक सीमित नहीं बताया। उनके अनुसार, किचन में कलाकारों के प्रयोग, मस्ती और अप्रत्याशित नतीजे शो को मनोरंजक बनाएंगे।
बंगाली चेहरों के साथ लोकल एंटरटेनमेंट पर जोर
Sony AATH के Business Head अम्बेश तिवारी के अनुसार, ‘रांधुनी ना कांदुनी’ चैनल की ओरिजिनल अनस्क्रिप्टेड एंटरटेनमेंट पेशकश को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना है कि बंगाली संस्कृति में खाना और हास्य दोनों की मजबूत मौजूदगी है और इन्हें लोकप्रिय बंगाली कलाकारों के साथ जोड़कर एक स्थानीय दर्शकों से जुड़ा फॉर्मेट तैयार किया गया है।
शो का उद्देश्य कुकिंग प्रतियोगिता को केवल रेसिपी और तकनीक तक सीमित रखने के बजाय कलाकारों के व्यक्तित्व और आपसी तालमेल को मनोरंजन का हिस्सा बनाना है।
‘रांधुनी ना कांदुनी’ का प्रीमियर 3 अक्टूबर 2026 को रात 9:30 बजे Sony AATH और Sony LIV पर होगा।
