बंगाल भाजपा की नई राज्य कमेटी का ऐलान, भारी फेरबदल

Kolkata Politics West Bengal

कोलकाता: विधानसभा और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव में करारी हार के बाद आखिरकार बंगाल भाजपा इकाई ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। हाल में नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए डॉ. सुकांत मजूमदार ने केएमसी चुनाव के परिणाम घोषित किए जाने के अगले ही दिन बुधवार को बड़ा फेरबदल करते हुए नई राज्य कमेटी (कार्यकारणी) का ऐलान कर दिया। नई कमेटी में कई पुराने नेताओं की छुट्टी कर दी गई है, तो संगठन में कई नए व युवा चेहरों एवं संघ से जुड़े लोगों को तरजीह देते हुए उन्हें जगह दी गई है।

बुधवार को घोषित की गई सूची के मुताबिक लंबे समय से विवादों में रहे प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से सांसद सौमित्र खां की छुट्टी कर दी गई है। संगठन में कई नए नेताओं को शामिल किया गया है। बंगाल भाजपा के महासचिव सायंतन बसु को भी उनके पद से हटा दिया गया है। महिला मोर्चा का अध्यक्ष तनुजा चक्रवर्ती को बनाया गया है, जबकि पूर्व अध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। सौमित्र खां की जगह इंद्रनील खान को मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कसबा विधानसभा चुनाव लड़ा था। सांसद लॉकेट चटर्जी को हटा कर अग्निमित्रा पॉल को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया था। अब यह दायित्व तनुजा चक्रवर्ती को दिया गया है। अग्निमित्रा पॉल को महासचिव बनाया गया। इसी तरह से एससी मोर्चा का अध्यक्ष डॉ सुदीप दास को और ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष अजीत दास को बनाया गया है। एससी मोर्चा के अध्यक्ष पद से बागदा के विधायक दुलाल बर को हटा दिया गया है।


महासचिव पद से सायंतन बसु की छुट्टी कर दी गई है। सांसद लॉकेट चटर्जी, सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, विधायक अग्निमित्रा पॉल, विधायक दीपक बर्मन, सांसद जगन्नाथ सरकार और विधायक शंकर घोष को महासचिव बनाया गया है। जगन्नाथ सरकार, संजय सिंह, अर्जुन सिंह, रथीन बोस, खगेन मुर्मु, श्यामापद मंडल, अनिंद बनर्जी, सौमित्र खान, कृष्णा वैद्य, समित दास, डॉ मधुचंदा कर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मीडिया प्रभारी सप्तऋषि चौधरी की जगह तुषार कांति घोष को बनाया गया है। सप्तऋषि चौधरी को सह प्रभारी बनाया गया है। उपाध्यक्ष पद से प्रताप बनर्जी, रीतेश तिवारी और जय प्रकाश मजूमदार को हटा दिया गया है, हालांकि जय प्रकाश मजूमदार को प्रवक्ता बनाया गया है। शमिक भट्टाचार्य को मुख्य प्रवक्ता बना कर रखा गया है। उमेश राय, प्रियंका टिबरेवाल और अशोक डींडा को पहली बार प्रदेश सचिव बनाया गया है। प्रदेश सचिव में शंकर घोष, दीपक साहा, गौरी शंकर घोष, फाल्गुनी पात्रा, बिमान घोष, नबारूण नायक, सोनाली मुर्मु, लक्ष्मण गौरी, दीपांजन गुहा, आशीष बापत शामिल हैं। प्रवीण अग्रवाल को संयुक्त सचिव, प्रणय राय को कार्यालय सचिव और प्रत्युष मंडल को संयुक्त कार्यालय सचिव बनाया गया है। चार्ल्स नंदी को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *