शिक्षक भर्ती घोटाला,  भाजपा ने नवान्न तक निकाली रैली

Politics

कोलकाता:  पश्चिम बंगाल सरकार के स्कूल सर्विस कमीशन(एसएससी) के तहत शिक्षक नियुक्ति में हुए घोटाले का राज्य भर में विरोध प्रदर्शन जारी है। इस घोटाले का विरोध करते हुए मंगलवार को हावड़ा में  भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध रैली निकली। यह रैली नवान्न तक जाने वाली थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही रैली को रोक दिया। पुलिस द्वारा रैली रोके जाने पर भाजपा कर्मियों और पुलिस के बीच तनाव का माहौल बन गया। मंगलवार की सुबह भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नवान्ना पहुंचने के उद्देश्य से चोर धरो जेल भरो का नारा लगाते हुए रैली निकाली। इस रैली में भाजपा कर्मियों ने शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार का विरोध किया।

इसके साथ ही नौकरी के लिए आंदोलन करने वालों के समर्थन करते हुए भी सड़क पर उतरे और अपनी मांग रखी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले से ही रैली को रोकने के लिए शिवपुर के काजीपाड़ा में बैरिकेडिंग कर रखा था। वहीं पुलिस ने भाजपा की रैली को रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने बाद में स्थिति को नियंत्रित किया।

गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी का पुतला फूंका। भाजपा ने इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस रैली में उपस्थित हावड़ा जिला मुख्यालय युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजय चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 294 सीटों पर उम्मीदवार हैं। इसलिए उन्होंने राज्य में चल रही भ्रष्ट राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।

उन्होंने साथ ही सिर्फ पार्थ चटर्जी ही नहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की भी मांग की। वहीं हावड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष मनी मोहन भट्टाचार्य ने कहा कि एसएससी भ्रष्टाचार में करोड़ों रुपये मिले हैं, इसलिए इस सरकार को तुरंत एक सख्त कार्रवाई कर इस घटना की ठीक से जांच करनी चाहिए और दोषियों को सजा देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *