सुकांत ने तृणमूल के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने का किया आह्वान, छिड़ा विवाद

Kolkata Politics West Bengal

कोलकाता: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार के एक फेसबुक पोस्ट को लेकर राज्य के सियासी गलियारों में जबर्दस्त चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल, सुकांत ने कांग्रेस व माकपा से तृणमूल सरकार के खिलाफ भाजपा के साथ एकजुट होने का आह्वान किया है। सुकांत ने अपने पोस्ट को लेकर विवाद बढ़ते देख अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य की 10 करोड़ जनता के हित में उन्होंने ऐसा कहा है।

तृणमूल सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ बंगाल में विरोधी दलों को एकजुट होने की जरूरत है। दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा न तो घर की रह गई है और न घाट की। वहीं, माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि तृणमूल बंगाल में जो कर रही है, भाजपा केंद्र में वही कर रही है।

सियासी विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में तृणमूल के खिलाफ भाजपा प्रभावी तरीके से कोई आंदोलन नहीं कर पा रही है। कई मामलों में वामदल उससे आगे निकल गए हैं, इसलिए भाजपा खास रणनीति के तहत तृणमूल के खिलाफ कांग्रेस व माकपा जैसे विरोधी दलों को अपने साथ लाने का प्रयास कर रही है। इधर, प्रदेश भाजपा का एक वर्ग सुकांत के इस फेसबुक पोस्ट को लेकर काफी नाराज है। उसका कहना है कि जब पार्टी केंद्रीय स्तर पर ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ की बात करती आई है और माकपा का भी हमेशा पुरजोर विरोध किया गया है तो फिर इस तरह के बयान का क्या मतलब है? इससे यही संदेश जाएगा कि भाजपा बंगाल में मजबूत नहीं है और उसे कांग्रेस व माकपा जैसे विरोधी दलों के सहारे की जरुरत है, जो इस समय खुद ही हाशिए पर हैं। उनसे भाजपा की विचारधारा भी मेल नहीं खाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *