कोलकाता में समुद्री सुरक्षा सम्मेलन में कई देशों के तटरक्षक बल ने लिया भाग

Forces

कोलकाता : भारतीय तटरक्षक बल के उत्तर पूर्व क्षेत्रीय मुख्यालय के तत्वावधान में कोलकाता में बुधवार कोलंबो सुरक्षा कान्क्लेव के तहत टेबल टाक अभ्यास का चौथा संस्करण आयोजित किया गया, जिसमें हिंद महासागर क्षेत्र के छह देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। भारत में यह दुसरी बार आयोजित किया गया। इस अभ्यास में शामिल भारतीय तटरक्षक के अलावा बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, मारीशस और सेशेल्स के समुद्री सुरक्षा से जुड़े हितधारकों ने समुद्री क्षेत्र में चुनौतियों एवं अपने हितों की रक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

सम्मेलन का उद्घाटन तटरक्षक बल के उत्तर पूर्व क्षेत्र के कमांडर आइजी इकबाल सिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ। तटरक्षक बल द्वारा एक बयान में बताया गया कि बैठक में तटीय सुरक्षा खतरे, राष्ट्र विरोधी तत्वों से निपटने, समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया, खोज और बचाव अभियान, मानवीय सहायता, समुद्र में क्षति नियंत्रण, अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून और सशक्त एजेंसियों की भूमिका, तटीय सुरक्षा के लिए तकनीकी समाधान सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस दौरान सभी सदस्य देशों ने समुद्र के जरिए अवैध व्यापार और संगठित अपराधों का मजबूती से मुकाबला करने के लिए ठोस उपाय करने सहित समुद्र को सुरक्षित बनाने के लिए बेहतर समन्वय व सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

आपको बता दें कि कोलंबो सुरक्षा कान्क्लेव 2011 में भारत, श्रीलंका व मालदीव के बीच एक त्रिपक्षीय सहयोग तंत्र के रूप में शुरू हुआ था। 2022 में इसका विस्तार किया गया और इस समूह में मारीशस भी शामिल हुआ। साथ ही बांग्लादेश और सेशेल्स ने भी हिस्सा लिया। इस समूह का मुख्यालय श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में है।

बयान में बताया गया कि कोलंबो सुरक्षा कान्क्लेव हिंद महासागर क्षेत्र में सभी तटीय देशों से संबंधित क्षेत्रीय सहयोग और साझा सुरक्षा उद्देश्यों को रेखांकित करता है। हिंद महासागर क्षेत्र के छह देशों का समुद्री सुरक्षा के लिए एक मंच पर आना व्यापक वैश्विक संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *