पश्चिम बंगाल के दीघा में बनेगा देश का दूसरा सबमरीन म्यूजियम

Forces

कोलकाता : भारतीय नौसेना की मदद से पश्चिम बंगाल की सरकार राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में एक दीघा में अब समुद्र किनारे नौसेना का पनडुब्बी संग्राहलय बनाने की तैयारी कर रही है। बंगाल एरिया के नौसेना प्रवक्ता कमांडर सुदीप्तो मोइत्रा की माने तो, विशाखापत्तनम के बाद देश में नौसेना का दूसरा पनडुब्बी संग्रहालय (सबमरीन म्यूजियम) बनेगा।

विशाखापत्तनम की तर्ज पर बनने वाला पश्चिम बंगाल के दिखा का यह संग्रहालय उससे भी काफी उन्नत बनेगा। जानकारी के अनुसार, इससे दीघा में पर्यटन को और भी ज्यादा बढ़ावा मिलेगा, साथ ही साथ यह संग्रहालय युवाओं को नौसेना में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

राज्य सरकार को संग्रहालय निर्माण में नौसेना करेगी मदद

कमांडर सुदीपत्तो मोइत्रा की माने तो, पनडुब्बी संग्रहालय के लिए इस साल के जून में पश्चिम बंगाल राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरफ से प्रस्ताव दिया गया था। जिसके बाद राज्य सरकार के साथ बातचीत भी हुई। दीघा में बनने वाले इस संग्रहालय के लिए नौसेना का हाल में सेवानिवृत्त हुए एक सबमरीन (पनडुब्बी) राज्य सरकार को देगी, जिसे सौंपने की कागजी प्रक्रिया जारी है। उसी सबमरीन से राज्य सरकार संग्रहालय बनाएगी। जमीन और  संग्रहालय के निर्माण में आने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार ही करेगी।

कमांडर सुदीप्तो मोइत्रा के अनुसार राज्य सरकार इस संग्राहलय के लिए काफी उत्साहित है। संग्रहालय के लिए सरकार ने जमीन को भी अधिसूचित कर दिया है। दीघा समुद्र बीच पर ही यह पनडुब्बी संग्रहालय बनेगा।

विशाखापत्तनम से भी उन्नत होगा दीघा का संग्रहलय

नौसेना अधिकारी ने बताया कि यह संग्रहालय विशाखापत्तन से भी काफी उन्नत होगा। सबमरीन को संग्रहालय का रूप दिया जाएगा। यह बेहद अत्याधुनिक संग्रहालय होगा। इस संग्रहालय में व आसपास और क्या-क्या होगा, इस पर विचार-विमर्श चल रहा है।

लाखों की संख्या में दीघा जाते है पर्यटक

आप को बता दें कि पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित दीघा में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, दीखा  पश्चिम बंगाल का एक प्रमुख समुद्री बीच है। नौसेना प्रवक्ता ने बताया कि जो लोग विशाखापत्तनम नहीं जा सकते, पनडुब्बी संग्रहालय बनने के बाद वे दीघा में ही उसका अनुभव ले सकते हैं। इस संग्रहलय के तैयार होने के बाद इससे लोगों को भारतीय नौसेना की कार्यशैली को काफी करीब से जानने का मौका भी मिलेगा।

खासकर युवाओं को इससे काफी प्रेरणा मिलेगी। सुदीप्तो मोइत्रा ने बताया कि नौसेना युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए लगातार अभियान भी चला रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा नौसेना से जुड़कर अपना करियर बना सकें। यह संग्रहालय उन युवओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा जो नौसेना ज्वाइन करना चाहते हैं।

कोलकाता में नौसेना ने एयरक्राफ्ट म्यूजियम भी बनाया है

नौसेना ने इससे पहले कोलकाता से सटे न्यूटाउन में एक नेवल एयरक्राफ्ट म्यूजियम भी बनाया है। इसे भी पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से बनाया गया है। इसी साल के जून महिने में इस संग्रहालय का उद्घाटन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *