कोलकाता : दुर्गा पूजा के लिए लंबे समय से राज्य सरकार द्वारा सरकारी खजाने से अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही हर साल पूजा के समय बिजली बिल में भी छूट दी जाती है। इसी कारण अब राज्य की काली पूजा समितियों ने दीवाली के समय काली पूजा (Kalipuja) में भी राज्य से अनुदान की मांग की है। शनिवार को कोलकाता पुलिस ने शहर के काली पूजा आयोजकों के साथ एक समन्वय बैठक का आयोजन किया था, जिसमें इन समितियों ने यह मांग उठाई।
उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि उन्हें बिजली के बिल में छूट मिले। इस साल भी दुर्गा पूजा के दौरान राज्य सरकार ने सभी पूजा समितियों को 85,000 रुपये का अनुदान दिया था। समितियों का कहना है कि दीवाली भी बंगालियों के लिए एक प्रमुख त्योहार है, जब पूरा राज्य रोशनी के त्योहार में डूबा रहता है। तो फिर छोटी काली पूजा समितियों को बिजली के बिल में छूट क्यों नहीं मिले?
इस संदर्भ में कोलकाता पुलिस के सीपी मनोज वर्मा ने भी राज्य प्रशासन से इस मामले पर बातचीत का आश्वासन दिया है।
