नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से हो रहा भारत का सांस्कृतिक पुनरुत्थान : अर्जुन राम मेघवाल

National Politics State West Bengal

कोलकाता: केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को कोलकाता के साइंस सिटी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सांस्कृतिक पुनरुत्थान काफी तेजी से हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में मेघवाल ने यहां केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत साइंस सिटी द्वारा बंगाल के चमकते सितारे नाम से बनाई गई फिल्म को संयुक्त रूप से रिलीज किया।

उन्होंने कहा कि इस फिल्म में बंगाल के उन महापुरुषों की कहानी फिल्माई गई है, जिन्होंने देश को नई दिशा दी है। इसके अलावा आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर विक्टोरिया मेमोरियल में लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन भी वर्चुअल माध्यम से मेघवाल और शाह ने किया। नेशनल लाइब्रेरी में रिसर्च कार्यक्रम के लिए भी एक परियोजना की शुरुआत इस मौके पर की गई।

मेघवाल ने कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनने के बाद से लगातार देश के सांस्कृतिक विकास के लिए काम किया जा रहा है। फिलहाल हम अमृत वर्ष में हैं। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने निर्देश दिया था कि हर घर तिरंगा अभियान होना चाहिए और ऐसा किया गया। लोगों ने इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इससे देश में एकजुटता दिखी और राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण भी।

उन्होंने कहा कि 2047 में जब हम आजादी का 100वां उत्सव मनाएंगे तब भी देश सांस्कृतिक तौर पर सफलता के शिखर पर हो, इसके लिए सारे प्रयास किए जा रहे हैं। भारत का संस्कृति मंत्रालय आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर यहां कार्यक्रम की शुरुआत की गई है जो धीरे-धीरे राज्य के अन्य हिस्सों में भी संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *